दून विश्वविद्यालय में हुआ नाटक 'विद लव, आपकी सैयारा' का प्रभावशाली मंचन - TOURIST SANDESH

Breaking

शनिवार, 19 सितंबर 2026

दून विश्वविद्यालय में हुआ नाटक 'विद लव, आपकी सैयारा' का प्रभावशाली मंचन

 दून विश्वविद्यालय में हुआ नाटक 'विद लव, आपकी सैयारा' का प्रभावशाली मंचन 




देहरादून। संस्कृति विभाग, उत्तराखंड एवं थिएटर विभाग दून विश्वविद्यालय के संयुक्त सहयोग से एकजुट नाट्य संस्था द्वारा जूही बब्बर सोनी के निर्देशन और लेखन पर आधारित नाटक 'विद लव, आपकी सैयारा' का प्रभावशाली मंचन किया गया। नाटक की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए बेटियों के सपनों, अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।

नाटक की केंद्रीय पात्र सैयारा एक आधुनिक, निडर और स्वप्नदर्शी युवती है, जो अपने विचारों और दर्शकों से सीधे संवाद के माध्यम से स्त्री शिक्षा, आत्मनिर्भरता, समान अवसर और अपने सपनों को पूरा करने की आकांक्षा को प्रस्तुत करती है। नाटक प्रेम, दोस्ती, परिवार और उम्मीद के साथ यह संदेश देता है कि बेटियों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि उनके सपनों को पूरा करने के लिए परिवार का विश्वास और सहयोग भी मिलना चाहिए। प्रस्तुति ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए ‘बेटी का साथ दो’ का सशक्त संदेश देती है।

दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर सुरेखा डंगवाल ने कहा कि रंगमंच केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और संवेदनशीलता जागृत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि बेटियों के सपनों पर विश्वास करना और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देना परिवार एवं समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने ऐसे सार्थक नाट्य आयोजनों की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ गीता खन्ना, एस. पी. सिंह एवं प्रसिद्ध रंगकर्मी आलोक उल्फत सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

 इस अवसर पर शेखर प्रकाश पटवाल, राकेश मैंठाणी, प्रोफेसर चेतना पोखरियाल, प्रोफेसर हर्ष डोभाल, डॉ. मानवेन्द्र बर्तवाल, डॉ. विवेक बहुगुणा, राजेश भारद्वाज, संजय वशिष्ठ एवं सरिता जुयाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. अजीत पंवार ने किया। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें